स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर आयुक्त दीपक रावत सख्त, वार्डवार जांच के निर्देश

नैनीताल, 19 सितंबर 2026।
कुमाऊँ आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने नगर पालिका परिषद नैनीताल क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद नैनीताल को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

आयुक्त ने नगर पालिका क्षेत्र में स्थापित सभी स्ट्रीट लाइटों का वार्डवार विवरण तैयार करने के निर्देश दिए हैं। विवरण में प्रत्येक वार्ड में स्थापित कुल स्ट्रीट लाइटों की संख्या, वर्तमान में सुचारू रूप से संचालित लाइटों तथा खराब पड़ी लाइटों की संख्या स्पष्ट रूप से दर्ज की जाएगी।

उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने के लिए की गई कार्रवाई का भी वार्डवार रिकॉर्ड तैयार करने को कहा है। आयुक्त ने कहा कि शहर में स्ट्रीट लाइटों का नियमित रूप से क्रियाशील रहना जरूरी है, ताकि नागरिकों को रात्रि में आवागमन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

दो कार्मिक प्रतिदिन करेंगे वार्डों का निरीक्षण

आयुक्त दीपक रावत ने नगर पालिका की ओर से प्रतिदिन की कार्ययोजना तैयार कर दो कार्मिकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। दोनों कार्मिक वाहन के माध्यम से नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में जाकर स्ट्रीट लाइटों की स्थिति का मौके पर निरीक्षण करेंगे।

निरीक्षण के दौरान किस वार्ड में कितनी स्ट्रीट लाइट खराब मिलीं और उनमें से कितनी लाइटें ठीक कराई गईं, इसका दैनिक विवरण तैयार किया जाएगा। यह रिपोर्ट प्रतिदिन आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।

आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा खराब लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ठीक कराया जाए।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page