सेवा संकल्प अभियान को लेकर नैनीताल में तैयारियां तेज
17 सितम्बर से 18 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, सेवा–सुशासन–स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर होंगे विविध कार्यक्रम

हल्द्वानी, 16 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जनपद नैनीताल में “सेवा संकल्प अभियान” का आयोजन 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य विकसित भारत–2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जनसहभागिता के माध्यम से सेवा और सुशासन की भावना को मजबूत करना है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रायल ने अभियान के सफल संचालन के लिए मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय को जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी नामित किया है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के दौरान 17 सितम्बर को “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के तहत अमृत सरोवरों, जन औषधि केंद्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। वहीं विद्यालयों और महाविद्यालयों में “मेरा सपनों का भारत” विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
ग्राम पंचायतों और शिक्षण संस्थानों में नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और बाल विकास से संबंधित जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
“सेवा की कहानी” के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की प्रेरक कहानियां साझा की जाएंगी। इसके अलावा “सेवा ज्योति कलश यात्रा” निकाली जाएगी तथा विकसित भारत–2047 के संकल्प का प्रतीक कलश प्रमुख स्थानों पर स्थापित किया जाएगा।
“सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के तहत नागरिकों को स्वच्छता, वृक्षारोपण, शिक्षण, रक्तदान सहित विभिन्न समाजोपयोगी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। तहसील एवं विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य शिविर, बहुउद्देशीय शिविर और लाभार्थी शिविर आयोजित कर पात्र लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
“सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” कार्यक्रम के तहत रंगोली के माध्यम से विकसित भारत–2047, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं के संदेश दिए जाएंगे। वहीं “सुशासन सेवा संवाद” में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ संवाद आयोजित किया जाएगा।
2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर स्वदेशी एवं खादी अपनाने का संकल्प दिलाया जाएगा और वोकल फॉर लोकल के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम होंगे। फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में खेल प्रतियोगिताएं, योग, दौड़, भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को कार्यक्रमों की प्रतिदिन रिपोर्ट, फोटो एवं वीडियो निर्धारित व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे “सेवा संकल्प अभियान” के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी करें और विकसित भारत–2047 के संकल्प को साकार करने में अपना सक्रिय योगदान दें।







