सीएम धामी के जन्मदिन पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लगाया रक्तदान शिविर

बहुउद्देशीय शिविर में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश

भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर भीमताल विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में भीमताल रामलीला मैदान में रक्तदान शिविर एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में दर्जनों लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

बहुउद्देशीय शिविर के दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के बीच केक काटकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन मनाया और उनके उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना की।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि ‘भाजपा सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बहुउद्देशीय शिविर में मौजूद अधिकारियों से कहा कि सरकार की योजनाओं की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाई जाए और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाया जाए।

शिविर में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page