सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन

हल्द्वानी। हल्द्वानी स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, जनपद नैनीताल द्वारा आयोजित सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हल्द्वानी सांसद अजय भट्ट ने प्रतिभाग कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए केंद्र एवं उत्तराखंड सरकार द्वारा युवाओं को खेलों के क्षेत्र में बेहतर अवसर, सुविधाएं और मंच उपलब्ध कराने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।







