शादी के दो दिन बाद दुल्हन ने पति को नशीली चाय पिलाकर किया बेहोश, नकदी-सामान लेकर फरार होते पांच आरोपी दबोचे

हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में शादी के महज दो दिन बाद दुल्हन पर पति को चाय में नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने और साथियों के साथ नकदी व सामान लेकर फरार होने का आरोप लगा है। गुरुवार सुबह भागते समय ग्रामीणों ने पांचों आरोपियों को पीछा कर पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची बहादराबाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार बहादराबाद के दौलतपुर में मंगलवार शाम को ग्राम कोटवा, थाना कटरा, मिर्जापुर (यूपी) निवासी रुकमीना (21) की शादी दौलतपुर निवासी योगेश पुरी से हुई थी। आरोप है कि बुधवार रात घरवालों के सोने के बाद रुकमीना ने पति योगेश को चाय में नशीला पाउडर घोलकर पिला दिया।

पति के बेहोश होने के बाद गुरुवार तड़के वह साथियों के साथ घर से नकदी और सामान लेकर फरार होने लगी। इसी दौरान पीड़ित के भाई ने उसे देख लिया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर जुटे ग्रामीणों ने पीछा कर पांचों आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 70 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद हुआ है। घटना में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page