वीकेंड पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, भारी वाहनों पर रहेगी रोक

कैंची धाम वीकेंड ट्रैफिक प्लान: निजी वाहन पार्किंग में खड़े होंगे, दर्शनार्थी शटल से जाएंगे

नैनीताल। वीकेंड पर श्री कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात एवं डायवर्जन योजना जारी की है। यह व्यवस्था 19 सितंबर और 20 सितंबर 2026 को सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी।

भारी वाहनों के लिए डायवर्जन: अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना क्षेत्र से डायवर्ट किया जाएगा। इन्हें आवश्यकतानुसार रामगढ़ और मुक्तेश्वर होते हुए हल्द्वानी की ओर भेजा जाएगा, ताकि कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में यातायात बाधित न हो। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा के भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से जाने की अनुमति मिलेगी, जबकि अन्य भारी वाहनों को सैनेटोरियम तिराहा, भवाली से पीछे रोककर चरणबद्ध रूप से आगे भेजा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इन्हें रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

हल्द्वानी की ओर से कैंची धाम आने वाले श्रद्धालु: बाहरी जनपदों और राज्यों से निजी वाहनों से हल्द्वानी की ओर से भीमताल होते हुए कैंची धाम दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराए जाएंगे। वहां से स्थानीय शटल सेवा और सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से भवाली होते हुए श्रद्धालुओं को कैंची धाम मंदिर भेजा जाएगा। वापसी में भी शटल व्यवस्था से श्रद्धालुओं को पार्किंग स्थल तक पहुंचाया जाएगा।

नैनीताल और गेठिया की ओर से आने वाले श्रद्धालु: गेठिया और नैनीताल की ओर से निजी वाहनों से कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को भवाली सेनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। वहां से शटल सेवा के माध्यम से दर्शन के लिए भेजा जाएगा, जिससे कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में निजी वाहनों की अनावश्यक भीड़ और जाम की स्थिति न बने।

टैक्सी वाहनों पर प्रतिबंध: वीकेंड के दौरान टैक्सी और व्यावसायिक वाहनों का कैंची धाम क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केवल निर्धारित और अधिकृत वाहनों को ही आवश्यकतानुसार प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। टैक्सी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पार्क कराकर यात्रियों को शटल सेवा से कैंची धाम भेजा जाएगा।

पार्किंग और आपातकालीन व्यवस्था: निर्धारित पार्किंग स्थलों के अतिरिक्त सड़क किनारे या यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले स्थानों पर वाहन पार्क नहीं करने दिए जाएंगे। एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस वाहन और अन्य आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन के लिए पृथक मार्ग या कॉरिडोर उपलब्ध रखा जाएगा।

पुलिस ने समस्त श्रद्धालुओं, पर्यटकों, वाहन चालकों और आमजन से निर्धारित डायवर्जन, पार्किंग और शटल सेवा व्यवस्था का पालन करते हुए यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page