विश्व पर्यटन दिवस पर मुक्तेश्वर में चला स्वच्छता अभियान
चौली की जाली और महादेव मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग, होटल व्यवसायियों व होम-स्टे संचालकों ने की सफाई

मुक्तेश्वर/नैनीताल, 27 सितंबर 2026। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन विभाग नैनीताल की ओर से रविवार को पर्यटन स्थल मुक्तेश्वर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन नैनीताल के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं पर्यटकों के लिए बेहतर बनाए रखना रहा।
अभियान के दौरान चौली की जाली और महादेव मंदिर पर्यटन स्थलों के आसपास सफाई की गई। इसमें स्थानीय होटल व्यवसायियों, होम-स्टे संचालकों, टूर ऑपरेटरों और गाइडों ने पर्यटन विभाग के साथ मिलकर सहभागिता की।
अभियान में मुक्तेश्वर होटल एसोसिएशन के सुदर्शन सिंह साही एवं सचिव विक्रम सिंह बिष्ट, मुक्तेश्वर होम-स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र उनियाल, स्थानीय होटल व्यवसायी सुभाष, होटल सुकामा के प्रतिनिधि, स्थानीय टूर ऑपरेटर, गाइड तथा होम-स्टे संचालक शामिल रहे।
पर्यटन विभाग की ओर से जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चन्द्र आर्य के नेतृत्व में चन्दन सिंह बिष्ट, प्रताप सिंह जनरल, मो. गफ्फार, दयाकिशन, पंकज हर्बोला, मो. नसीम, विनीत सहित होम-स्टे व्यवसायी दीपक सिंह मतोलिया ने अभियान में भाग लिया।
अभियान के उपरांत होटल सुकामा में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्थानीय पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों की सहभागिता बढ़ाने पर चर्चा की गई।
पर्यटन स्थलों की स्वच्छता और संरक्षण में स्थानीय समुदाय की भागीदारी को इस अभियान की महत्वपूर्ण पहल माना गया।







