विजयपुर गांव के ग्रामीणों ने सांसद अजय भट्ट से उठाया वन मार्ग निर्माण का मामला
0.200 किमी मोटर मार्ग निर्माण के लिए 0.91 हेक्टेयर वन भूमि प्रत्यावर्तन की प्रक्रिया लंबित

हल्द्वानी। विकासखंड हल्द्वानी के विजयपुर गांव के ग्रामीणों ने विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग को मोटर मार्ग में परिवर्तित किए जाने से जुड़े वन भूमि प्रकरण को लेकर नैनीताल-ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट से मुलाकात की।
ग्रामीणों ने सांसद को अवगत कराया कि देवला मल्ला से विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग के किमी 0.000 से किमी 0.200 तक मोटर मार्ग निर्माण का मामला लंबे समय से लंबित है। मार्ग निर्माण के लिए लगभग 0.91 हेक्टेयर वन भूमि को गैर-वानिकी कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग को प्रत्यावर्तित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
ग्रामीणों ने इस संबंध में वन संरक्षण निदेशालय की ओर से जारी पत्र भी सांसद को उपलब्ध कराया। पत्र में वन भूमि के प्रत्यावर्तन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, इस प्रकरण में केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून से सैद्धांतिक एवं विधिवत स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।
ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही सड़क की मांग पूरी हो सकेगी।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद अजय भट्ट ने सचिव वन आर.के. सुधांशु से पत्राचार करने के साथ ही दूरभाष पर भी मामले की जानकारी ली। सांसद ने संबंधित अधिकारियों से विजयपुर गांव के ग्रामीणों की समस्या के समाधान तथा सड़क निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभागों के स्तर पर लंबित औपचारिकताएं शीघ्र पूरी होने के बाद सड़क निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई हो सकेगी।







