रामगढ़-कैंचीधाम मोटर मार्ग पर 5.28 करोड़ से होगा डामरीकरण
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया कार्य का शुभारंभ, ग्रामीणों ने जताया आभार

रामगढ़। रामगढ़ ब्लॉक के तल्ला रामगढ़ से झुतिया, हली होते हुए कैंचीधाम तक मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। करीब 5 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मोटर मार्ग लंबे समय से खराब होने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने मंत्री कैड़ा के समक्ष मार्ग के डामरीकरण की मांग रखी थी। इसके बाद मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए तथा मुख्यमंत्री से आवश्यक धनराशि स्वीकृत कराने का आग्रह किया।
शासन से 5.28 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद मंत्री कैड़ा ने मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा किया जाए।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री देवेंद्र ढेला, मंडल अध्यक्ष अंकित पांडेय, कुंदन चिलवाल, देवेंद्र बिष्ट सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मोटर मार्ग के डामरीकरण की स्वीकृति और कार्य शुरू होने पर मंत्री का आभार जताया।







