मेस के खाने में कीड़ा मिलने की शिकायत पर दून विश्वविद्यालय में प्रदर्शन, कुलपति आवास पहुंचे छात्र

देहरादून, 28 सितंबर। दून विश्वविद्यालय के छात्रावास की मेस में परोसे गए भोजन में कीड़ा मिलने की शिकायत के बाद सोमवार देर रात छात्र-छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। नाराज छात्र कुलपति आवास पहुंचे और मेस के भोजन की गुणवत्ता तथा साफ-सफाई में सुधार की मांग उठाई।
छात्रों का आरोप था कि मेस के भोजन को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता की जांच, रसोई और परोसने की व्यवस्था में स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा नियमित निगरानी की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस और विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने छात्रों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं।
कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने बताया कि उन्हें मेस संबंधी शिकायतें पहले भी मिली थीं और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि शिकायत सही पाए जाने पर मेस संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कुलपति के अनुसार, विश्वविद्यालय मेस में विद्यार्थियों को 2,200 रुपये में दिन में तीन वक्त का भोजन दिया जाता है.








