मां नंदा देवी महोत्सव: एसपी नैनीताल और एसपी संचार ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, निकाला फ्लैग मार्च

नैनीताल। दिनांक 18 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मां नंदा देवी महोत्सव के सुदृढ़ संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए नैनीताल पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र एवं एसपी संचार श्री रेवाधर मठपाल द्वारा मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
एसपी नैनीताल के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा कानून व्यवस्था, सुरक्षा एवं सुगम यातायात को बनाए रखने के लिए भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च मेला परिसर, रिक्शा स्टैंड मल्लीताल, फ्लैट्स मैदान, भोटिया मार्केट, मस्जिद तिराहा और घोड़ा स्टैंड जैसे प्रमुख व भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
एसपी संचार द्वारा मेला कंट्रोल रूम, सीसीटीवी ग्रिड, खोया पाया केंद्र तथा संचार व्यवस्था का निरीक्षण किया गया और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा निगरानी को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
महोत्सव में उमड़ने वाली भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रहने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। नैनीताल पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं, जनता एवं आगंतुकों से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर मां नैना देवी का आशीर्वाद प्राप्त करने और मेले का आनंद उठाने की अपील की है।








