मंत्री कैड़ा ने बहुउद्देशीय शिविर में सुनी जनता की समस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

बागेश्वर। उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने राजकीय कॉलेज रवाईखाल, बागेश्वर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन स्वीकृति पत्र वितरित किए, जबकि बाल विकास विभाग की ओर से महालक्ष्मी किट उपलब्ध कराई गई। उद्योग विभाग ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों को लाभान्वित किया।

बहुउद्देशीय शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, दुग्ध विकास, उद्योग एवं स्वरोजगार समेत विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, किसानों, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान भी चलाया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के साथ लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जागरूक किया गया।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जब तक शिविर में प्राप्त शिकायतों का पंजीकरण और आवश्यक कार्रवाई पूरी न हो जाए, संबंधित अधिकारी शिविर स्थल पर उपस्थित रहकर जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page