भीमताल में लगा ‘सेवा सेतु–सरकार आपके द्वार’ शिविर, मातृशक्ति को योजनाओं की जानकारी
भावना मेहरा बोलीं—सेवा संकल्प अभियान से सशक्त हो रही उत्तराखंड की मातृशक्ति

भीमताल, 29 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को भीमताल ब्लॉक सभागार में ‘सेवा सेतु–सरकार आपके द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री भावना मेहरा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। इस दौरान धात्री महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं तथा लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
भावना मेहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और महिला सशक्तिकरण के संकल्प तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश की मातृशक्ति निरंतर सशक्त और आत्मनिर्भर हो रही है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में लखपति दीदी योजना के तहत 2.65 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए ₹51 हजार की सहायता और नंदा गौरा योजना जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
विभागों ने लगाए स्टॉल
बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं, सेवाओं और पात्रता की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के सामने रखीं। पात्र लाभार्थियों से आवश्यक आवेदन एवं दस्तावेज भी प्राप्त किए गए।
शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, आईटीआई, आयुर्वेद, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, मत्स्य, होम्योपैथिक चिकित्सा, बाल विकास सहित विभिन्न विभागों ने सहभागिता की। मिलेट बेकरी ग्रोथ सेंटर भीमताल सहित संबंधित विभागों द्वारा भी लोगों को जानकारी और परामर्श दिया गया।
दर्जा राज्य मंत्री भावना मेहरा ने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त शिकायतों और प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं के पात्र लाभार्थियों तक सरकारी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और शिकायतों की नियमित समीक्षा करने को कहा।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, डीडीओ संतोष कुमार पंत, तहसीलदार अक्षय भट्ट, बीडीओ हर्षित गर्ग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।







