भीमताल में धूमधाम से मनाई गई नंदाष्टमी, भव्य डोला यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

भीमताल, 20 सितंबर 2026।
भीमताल में नंदाष्टमी का पर्व श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और माँ नंदा-सुनंदा के जयकारों के बीच भव्य डोला यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माँ नंदा-सुनंदा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
माँ नंदा-सुनंदा की भव्य डोला यात्रा में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा भी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने माँ नंदा-सुनंदा के दर्शन कर प्रदेशवासियों तथा भीमताल क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सभी श्रद्धालुओं को नंदाष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नंदाष्टमी उत्तराखंड की लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और समृद्ध परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने माँ नंदा-सुनंदा से प्रदेशवासियों पर सदैव अपना आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना की।
डोला यात्रा के दौरान पूरा भीमताल क्षेत्र माँ नंदा-सुनंदा के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ माँ नंदा-सुनंदा की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।








