भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, अधिकारियों को त्वरित राहत के निर्देश

धारी/भीमताल। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित गांवों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, बाधित पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिला एवं क्षेत्रीय प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित सड़कों, पेयजल लाइनों और विद्युत आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन और आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े।
मंत्री कैड़ा ने धारी ब्लॉक के अंतर्गत परबड़ा पहुंचकर स्वर्गीय गोपाल सिंह, पुत्र श्री लाल सिंह, के परिजनों से मुलाकात की। अक्सोड़ा के जंगल में विगत माह हुई उनकी दुखद मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने मृतक के परिजनों को आपदा मद से चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा से हुए नुकसान का पारदर्शी और शीघ्र आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को शासन के नियमानुसार जल्द राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने अति-संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षात्मक (प्रोटेक्शन) कार्यों को भी आपदा मद से प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान मंत्री कैड़ा ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रत्येक प्रभावित नागरिक के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







