बेरीपड़ाव में 10 अक्टूबर से गूंजेगी बैडमिंटन की धमक, इन्फिनिटी कप में जुटेंगे खिलाड़ी

इन्फिनिटी फिटनेस क्लब करा रहा प्रतियोगिता का दूसरा संस्करण, अंडर-9 से अंडर-19 तक के खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका
मोटाहल्दू। क्षेत्र में बैडमिंटन खेल को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए इन्फिनिटी फिटनेस क्लब की ओर से इन्फिनिटी कप के द्वितीय संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता 10, 11 और 12 अक्टूबर को श्री गंगा विहार कॉलोनी स्थित एवरग्रीन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बेरीपड़ाव, मोटाहल्दू में होगी। प्रतियोगिता उत्तराखंड स्टेट बैडमिंटन एसोसिएशन से संबद्ध है।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ ही उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना और खेल के प्रति रुचि को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता की थीम ‘खेलें, प्रतिस्पर्धा करें और आगे बढ़ें’ रखी गई है।
अंडर-9 से अंडर-19 तक होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के बालक और बालिकाएं प्रतिभाग कर सकेंगे। अंडर-9, अंडर-11 और अंडर-13 वर्ग में बालक एवं बालिका वर्ग होंगे। इसके अलावा अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में भी बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के लिए मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। वहीं ओपन वर्ग में पुरुष और महिला खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।
अंडर-9, अंडर-11 और अंडर-13 वर्ग में एकल एवं युगल मुकाबले होंगे। अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में एकल, युगल और मिश्रित युगल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। ओपन वर्ग में एकल एवं युगल मुकाबले होंगे।
₹500 से शुरू होगी प्रवेश फीस
अंडर-13 तक के खिलाड़ियों के लिए एकल स्पर्धा की प्रवेश फीस ₹500 और युगल के लिए ₹1,000 निर्धारित की गई है। अंडर-13 से ऊपर के वर्ग में एकल की फीस ₹750 तथा युगल के लिए ₹1,500 प्रति जोड़ी रखी गई है।
दूर-दराज से आने वाले खिलाड़ियों के लिए आवास की सुविधा
आयोजकों ने प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दूर-दराज और दुर्गम क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों की सुविधा का भी ध्यान रखा है। ऐसे प्रतिभागियों के लिए आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए जलपान एवं दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी।
क्वार्टर फाइनल तक 30 अंक, सेमीफाइनल-फाइनल 3×15 अंक
प्रतियोगिता के मैच निर्धारित नियमों के अनुसार खेले जाएंगे। क्वार्टर फाइनल तक के मुकाबले 30 अंकों के होंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 3×15 अंकों के आधार पर खेले जाएंगे। पूरी प्रतियोगिता में फेदर शटल का इस्तेमाल किया जाएगा।
आयु प्रमाण और आधार कार्ड जरूरी
पंजीकरण के समय खिलाड़ियों को आयु प्रमाण पत्र अथवा आधार कार्ड प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। आयोजकों के अनुसार BAI ID को प्रथम प्राथमिकता दी जाएगी। जिन श्रेणियों में चार से कम प्रविष्टियां प्राप्त होंगी, उन श्रेणियों का आयोजन नहीं किया जाएगा।
विजेता-उपविजेता को नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे।
आयोजकों ने अधिक से अधिक खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की है।
पंजीकरण एवं जानकारी के लिए संपर्क
मोबाइल : 74568418448077677953
स्थान: श्री गंगा विहार कॉलोनी, एवरग्रीन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बेरीपड़ाव, मोटाहल्दू।








