बीमारी से जंग हारे नैनीताल पुलिस के आरक्षी पवन कुमार, बाजपुर में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ अंतिम संस्कार

नैनीताल, 18 सितंबर। जनपद नैनीताल में सेवारत आरक्षी पवन कुमार का लंबी बीमारी के चलते उपचार के दौरान असामयिक निधन हो गया। 16 सितंबर 2026 की रात्रि को हुए उनके निधन से संपूर्ण उत्तराखंड पुलिस महकमे और नैनीताल पुलिस परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. समेत समस्त नैनीताल पुलिस परिवार ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। एसएसपी नैनीताल ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पुलिस विभाग परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आश्रितों को प्राथमिकता के आधार पर हरसंभव विभागीय सहायता और सभी देयकों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

दिवंगत आरक्षी का संक्षिप्त विवरण:
नाम: आरक्षी पवन कुमार
मूल निवास: ग्राम रामनगर, थाना बाजपुर, पोस्ट केलाखेड़ा, जनपद ऊधमसिंह नगर
सेवाकाल: लगभग 20 वर्ष
भर्ती तिथि: 13 अप्रैल 2006

17 सितंबर 2026 को उनके पैतृक निवास स्थान ग्राम रामनगर, बाजपुर में पुलिस द्वारा पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दिवंगत आरक्षी को अंतिम विदाई दी गई।

अंतिम संस्कार और शोक सलामी के दौरान क्षेत्राधिकारी बाजपुर अखिलेश कुमार, थानाध्यक्ष केलाखेड़ा मनीष खत्री, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले के अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारीगण और परिजन उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

नैनीताल पुलिस परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है और उनके द्वारा पुलिस विभाग को दी गई निष्ठावान सेवाओं को सदैव याद रखने की बात कही है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page