बिजनेस आइडिया से बाजार तक: हल्द्वानी में महिला उद्यमियों को मिला हुनर, हौसला और विशेषज्ञ मार्गदर्शन
आईआईएम काशीपुर (फीड) और यूजीवीएस की पहल, महिला प्रतिभागियों ने प्रस्तुत किए अपने व्यावसायिक विचार

हल्द्वानी, 21 सितंबर 2026।
ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने और महिलाओं को स्वरोजगार एवं व्यवसाय विकास के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से हल्द्वानी नगर निगम सभागार में एक दिवसीय उद्यमिता बूट कैंप का आयोजन किया गया। आईआईएम काशीपुर (फीड) द्वारा उत्तराखंड ग्रामीण विकास समिति (यूजीवीएस) के सहयोग से ग्रामीण उद्यम त्वरण परियोजना (रीप) के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में महिला उद्यमियों एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छुक प्रतिभागियों को व्यवसाय विकास, नवाचार, वित्तीय समझ और बाजार से जुड़ाव की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईआईएम काशीपुर के प्रो. जगदीश प्रसाद साहू, विशिष्ट अतिथि पीडी शिल्पी पंत एवं प्रो. के.के. पांडेय सहित अन्य अतिथियों ने किया। अतिथियों ने कहा कि स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक कौशल और नवाचार को व्यवसाय से जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आय के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
व्यावसायिक विचारों को हकीकत में बदलने पर जोर
मुख्य अतिथि प्रो. जगदीश प्रसाद साहू ने महिला प्रतिभागियों से संवाद करते हुए उद्यमिता की संभावनाओं, व्यवसायिक विचारों को व्यावहारिक रूप देने, बाजार की जरूरतों को समझने और उद्यम को चरणबद्ध तरीके से विकसित करने के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को अपने कौशल एवं स्थानीय संसाधनों की पहचान कर उन्हें व्यवसायिक अवसरों में बदलने के लिए प्रेरित किया।
आईआईएम काशीपुर (फीड) के बिजनेस मैनेजर गिरधर सिंह बिष्ट ने बूट कैंप के उद्देश्यों और इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम प्रतिभागियों को अपने बिजनेस आइडिया को स्पष्ट करने, व्यवसाय योजना तैयार करने, विशेषज्ञों से सलाह लेने और उद्यम के विस्तार की संभावनाओं को समझने में मदद करते हैं।
महिला उद्यमियों ने पेश किए अपने बिजनेस आइडिया
बूट कैंप का प्रमुख आकर्षण महिला प्रतिभागियों द्वारा अपने-अपने व्यावसायिक विचारों का प्रस्तुतीकरण रहा। प्रतिभागियों ने अपने प्रस्तावित एवं संचालित उद्यमों से जुड़ी संभावनाओं, चुनौतियों और बाजार की जरूरतों को सामने रखा। विशेषज्ञों एवं अनुभवी उद्यमियों ने इन विचारों पर सुझाव देते हुए उन्हें अधिक व्यावहारिक और बाजारोन्मुख बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया।
सफल उद्यमियों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में जनपद के सफल उद्यमी संदीप पांडेय एवं संजीव भटनागर ने भी सहभागिता की। उन्होंने अपने उद्यमशीलता के सफर, व्यवसाय शुरू करने के दौरान आई चुनौतियों और व्यवसाय संचालन से जुड़े व्यावहारिक अनुभव प्रतिभागियों के साथ साझा किए। उन्होंने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ अपने विचारों को व्यवसाय में बदलने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेंद्र सिंह क्वेरा ने किया। इस अवसर पर यामिनी चपड़ाल, सपना रावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, विशेषज्ञ एवं महिला उद्यमी उपस्थित रहीं।
बूट कैंप ने महिला प्रतिभागियों को न केवल उद्यमिता से जुड़ी उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराई, बल्कि उन्हें विशेषज्ञ मार्गदर्शन, अनुभवों के आदान-प्रदान, नेटवर्किंग और अपने व्यावसायिक विचारों को आगे बढ़ाने का मंच भी प्रदान किया।







