बनभूलपुरा में सनसनीखेज हत्या का 12 घंटे में खुलासा, आरोपी निक्की उर्फ नाटी गिरफ्तार

हल्द्वानी, 17 सितंबर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में नैनीताल पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र के जवाहर नगर में हुई सनसनीखेज हत्या का 12 घंटे के भीतर खुलासा कर नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

दिनांक 16.09.2026 को स्थानीय पार्षद जवाहर नगर द्वारा कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस को सूचना दी गई थी कि क्षेत्र में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति बरामदे में मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान अमन ठाकुर पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ (उ.प्र.), उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई, जो पिछले 4-5 वर्षों से उक्त घर में रह रहा था।

फॉरेंसिक टीम के निरीक्षण में मृतक के गले पर यू-आकार का निशान पाए जाने पर मृत्यु संदिग्ध प्रतीत हुई। घटनास्थल से आवश्यक भौतिक साक्ष्य संकलित कर शव को पोस्टमार्टम हेतु डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भेजा गया। परिजनों की जानकारी न मिलने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर कोतवाली बनभूलपुरा में मु.अ.सं. 151/2026, धारा 103(1) बीएनएस बनाम निक्की उर्फ नाटी पंजीकृत कर विवेचना प्रभारी निरीक्षक श्री दिनेश सिंह फत्र्याल को सौंपी।

घटना के शीघ्र अनावरण हेतु SSP नैनीताल के सख्त दिशा-निर्देश पर SP हल्द्वानी श्री मनोज कत्याल के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी श्री अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक श्री दिनेश सिंह फत्र्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन, सुरागरसी-पतारसी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर नामजद अभियुक्त निक्की उर्फ नाटी पुत्र राजेन्द्र बाल्मिकी, निवासी वार्ड नं. 14, जवाहर नगर, बनभूलपुरा, उम्र 32 वर्ष को दिनांक 17.09.2026 को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के नीचे गौला नदी किनारे हजारा की खाली पड़ी झोपड़ी से गिरफ्तार किया। अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आला कत्ल दुपट्टा उसके कार्यस्थल मस्ता टेन्ट हाउस, जवाहर नगर, बनभूलपुरा से बरामद किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी निक्की उर्फ नाटी मृतक अमन को पसंद नहीं करता था और अपनी पत्नी से अमन के संबंध होने का शक करता था। इसी बात को लेकर वह आए दिन पत्नी और अमन से विवाद करता था। दिनांक 15.09.2026 को अभियुक्त ने अपनी साली को फोन पर अमन अथवा अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी है। उसके विरुद्ध FIR NO-176/2025, धारा 60 आबकारी अधिनियम, थाना कोतवाली बनभूलपुरा में दर्ज है।

गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक श्री दिनेश सिंह फर्त्याल, व.उ.नि. गगनदीप सिंह, उ.नि. जगवीर सिंह, उ.नि. मनोज यादव, कानि. मौ. यासीन, कानि. लक्ष्मण राम, का. मेहबूब अली, का. सुनील कुमार और का. दिलशाद अहमद शामिल रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page