प्रेम प्रसंग में खूनी वारदात: उत्तरकाशी में मोटर मैकेनिक की पीट-पीटकर हत्या, 7 पर केस, 4 गिरफ्तार
उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ में प्रेम प्रसंग के चलते मोटर मैकेनिक रोशन लाल की पीट-पीटकर हत्या। पुलिस ने एक महिला समेत 7 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

उत्तरकाशी / चिन्यालीसौड़। उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रेम प्रसंग के चलते एक मोटर मैकेनिक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान रोशन लाल के रूप में हुई है, जो अविवाहित था और पेशे से मोटर मैकेनिक था।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले रोशन लाल दो बच्चों की एक महिला को अपने साथ ले गया था। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार शाम को रोशन लाल घूमने के लिए निकला था, तभी कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और जमकर मारपीट की।
गंभीर रूप से घायल रोशन लाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने रामलाल, लछमा देवी, अर्जुन, विकास, मनोज और वीरेंद्र सहित 7 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। हत्या की असली वजह और अन्य लोगों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।







