पशु आहार दर वृद्धि आदेश स्थगित, उत्तराखंड के 55 हजार पशुपालकों को बड़ी राहत

लालकुआं। उत्तराखंड के करीब 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को बड़ी राहत मिली है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा की पहल पर दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने 14 सितंबर 2026 को जारी पशु आहार की दरों में वृद्धि एवं अनुदान में संशोधन संबंधी आदेश को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया है। बरसात, देवीय आपदा और आगामी त्योहारी सीजन के बीच इस फैसले से पशुपालकों पर बढ़ने वाला अतिरिक्त आर्थिक भार फिलहाल टल गया है।
मुकेश बोरा ने पशुपालकों की समस्याओं को देखते हुए दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा को पत्र भेजकर 14 सितंबर 2026 को जारी पशु आहार की दरों में वृद्धि संबंधी आदेश पर पुनर्विचार का आग्रह किया था।
उन्होंने बताया कि इस निर्णय से नैनीताल जिले के करीब 34 हजार तथा पूरे उत्तराखंड के करीब 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिलेगी।
14 सितंबर के आदेश में पशु आहार, मिनरल मिक्सचर, कॉम्पैक्ट फीड तथा साइलेज-भूसा की दरों में वृद्धि की गई थी। वर्तमान में बरसात और देवीय आपदा के कारण पशुपालकों के सामने आर्थिक चुनौतियां बनी हुई हैं। ऐसे में पशु आहार की कीमतों में वृद्धि से उनकी लागत बढ़ने की आशंका थी।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि पशुपालकों की इसी चिंता को देखते हुए उन्होंने मंत्री के समक्ष यह मामला रखा था और आदेश पर पुनर्विचार का आग्रह किया था। मंत्री द्वारा मामले का संज्ञान लेते हुए दर वृद्धि संबंधी आदेश को अग्रिम आदेश तक स्थगित किए जाने से पशुपालकों को तत्काल राहत मिली है।
मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादक पशुपालकों के हित में लिए गए निर्णय के लिए दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में आदेश का स्थगित होना प्रदेश के हजारों दुग्ध उत्पादक पशुपालकों के लिए महत्वपूर्ण राहत है।







