नैनीताल में 26 सितंबर को भारी बारिश का रेड अलर्ट

27 सितंबर को ऑरेंज अलर्ट, डीएम ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के दिए निर्देश

हल्द्वानी, 25 सितंबर 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को नैनीताल जनपद में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 27 सितंबर को गर्जन के साथ आकाशीय बिजली, झोंकेदार हवाओं तथा अति तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को पूरी तत्परता के साथ सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि नदियों, नालों और गधेरों के आसपास न जाएं तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही मौसम की जानकारी लेकर यात्रा करें।

डीएम ने बलियानाला, आलूखेत और किशनपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा स्थानीय लोगों को नदी-नालों और गधेरों से दूर रहने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।

ट्रेकिंग और पर्यटक गतिविधियों पर विशेष सावधानी

भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में बरसात की अवधि में ट्रेकिंग की अनुमति नहीं देने तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में असामान्य मौसम के दौरान पर्यटकों के आवागमन को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी जनपद एवं तहसील स्तरीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहें। किसी भी आपदा अथवा दुर्घटना की स्थिति में तत्काल स्थलीय कार्रवाई करते हुए तहसील आपदा नियंत्रण कक्ष और जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना उपलब्ध कराई जाए।

सड़कें बाधित होने पर तत्काल कार्रवाई

NH, PWD, PMGSY, ADB आदि के अंतर्गत आने वाले मार्गों के बाधित होने की स्थिति में उन्हें तत्काल खोलने के लिए आवश्यक मशीनरी एवं उपकरण तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। भूस्खलन संभावित मार्गों पर पहले से ही उपकरण तैनात रखने तथा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों और कलवर्टों के अवरोध हटाने को कहा गया है।

राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहेंगे। चौकियों और थानों को आपदा उपकरणों एवं वायरलेस सेट सहित हाई अलर्ट पर रहने तथा इस अवधि में किसी भी अधिकारी-कर्मचारी का मोबाइल फोन बंद न रखने के निर्देश दिए गए हैं।

फंसे हुए लोगों के लिए खाद्य सामग्री एवं चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

आपदा की स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

जनपद आपदा प्रबंधन/DEOC:
📞 05942-231178, 231179, 231181
📞 टोल फ्री 1077
📞 8272080884

राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष/SEOC:
📞 0135-2710335, 0135-2710334
📞 टोल फ्री 1070

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि मौसम की चेतावनी के दौरान हर स्तर पर सतर्कता, सुरक्षा और त्वरित राहत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page