नैनीताल में गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान

नैनीताल, 02 अक्टूबर 2026 (सू.वि.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सादगी के सिद्धांत आज भी समाज और विश्व को मार्गदर्शन देते हैं। उनके विचार समानता, शांति और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी सादगी, ईमानदारी और “जय जवान-जय किसान” का संदेश देश के विकास तथा आत्मनिर्भरता के लिए आज भी प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि शास्त्री का जीवन त्याग और समर्पण का उदाहरण है।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन ऐसी कार्यशैली के साथ करने का आह्वान किया, जो विशिष्ट और अनुकरणीय हो। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ी है।

इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की ऋणी है तथा उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के बाद अपर जिलाधिकारी ने तल्लीताल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर, भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत, शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमा तथा उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों के स्मृति स्थल पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके उपरांत खादी भवन, मल्लीताल में चरखा चलाकर खादी एवं ग्रामोद्योग की परंपरा और स्वदेशी भावना से जुड़ने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलिक, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, तहसीलदार अक्षय भट्ट, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका रोहिताश सिंह, दयाकिशन पोखरिया, नितिन कार्की सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page