नैनीताल जिले में अंतिम मतदाता सूची जारी, 6.97 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत
SIR के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण पूरा, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को विधानसभा वार मतदाता सूची की प्रतियां सौंपी गईं

हल्द्वानी, मानस दर्पण। जनपद नैनीताल में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को कर दिया गया। अंतिम सूची के अनुसार जिले में कुल 6,97,547 मतदाता पंजीकृत हैं। निर्वाचन विभाग ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभा वार मतदाता सूची की एक-एक प्रति भी उपलब्ध करा दी है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कराया गया। इसके बाद जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। अंतिम सूची की प्रतियां संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के पास उपलब्ध हैं।

पात्र नागरिक अब भी कर सकते हैं आवेदन
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के आधिकारिक ऐप या पोर्टल के माध्यम से भी नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है।
राजनीतिक दलों को सौंपी गईं प्रतियां
निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता सूची की हार्ड कॉपी वितरित की गई। इस दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे सहित भाजपा के मनीष पाल एवं हरिमोहन अरोड़ा, कांग्रेस के संजू उप्रेती एवं मनोज शर्मा, बहुजन समाज पार्टी के जगदीश कुमार तथा शिवसेना के रूपेन्द्र नागर समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मतदाता सूची में नाम की जांच जरूरी
अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे अपना नाम, पता और अन्य विवरण जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है या विवरण में सुधार की आवश्यकता है, तो वह निर्वाचन विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकता है।







