नंदा-सुनंदा महोत्सव-2026: प्राण प्रतिष्ठा के बाद उमड़ा आस्था का सैलाब, सुरक्षा और यातायात पर नैनीताल पुलिस की पैनी नजर

नैनीताल। मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में मेला क्षेत्र में सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं।

पुलिस मीडिया सैल के अनुसार एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी और क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमें मेला कमेटी के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रही हैं।

प्राण प्रतिष्ठा के बाद बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़
मां नंदा-सुनंदा की प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और सुगम दर्शन के लिए लगातार आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रवेश और निकास मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

कंट्रोल रूम और सीसीटीवी से निगरानी
मेला क्षेत्र में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से पूरे मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही खोया-पाया केंद्र भी बनाया गया है, ताकि मेले के दौरान बिछड़ने वाले बच्चों, बुजुर्गों या अन्य व्यक्तियों को उनके परिजनों से सुरक्षित मिलाया जा सके। मेला क्षेत्र और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी जा रही है।

यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए सुव्यवस्थित और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। नैनीताल रोड या अन्य मार्गों पर यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू करा रही हैं। पुलिसकर्मी लगातार सड़कों और मेला क्षेत्र में तैनात रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस की अपील
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे अपने सामान और कीमती वस्तुओं का विशेष ध्यान रखें, छोटे बच्चों और बुजुर्गों को साथ रखें, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धैर्य बनाए रखें और पुलिस व प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी के बिछड़ने पर तुरंत खोया-पाया केंद्र से संपर्क करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की भी अपील की गई है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page