नंदा देवी महोत्सव में नैनीताल पुलिस की तत्परता, मेले में बिछड़ा 4 वर्षीय मासूम सकुशल बरामद कर मां को सौंपा

नैनीताल विश्व प्रसिद्ध मां नंदा देवी महोत्सव मेले के दौरान नैनीताल पुलिस ने सतर्कता और तत्परता का उत्कृष्ट परिचय दिया है। मेले की भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़े 4 वर्षीय बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिवार और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
आज सायं के समय मल्लीताल, नैनीताल निवासी नीमा देवी अपने परिवार के साथ मां नंदा देवी महोत्सव मेला घूमने आई थीं। भीड़भाड़ के बीच उनका 04 वर्षीय पुत्र मनन अचानक परिजनों से बिछड़कर गुम हो गया। बच्चे के अचानक गायब होने से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना मेला कंट्रोल रूम को दी।
सूचना मिलते ही मेला ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने बिना एक पल गंवाए मोर्चा संभाला। मेला कंट्रोल रूम से लगातार एनाउंसमेंट कराया गया, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्ध रास्तों पर तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम के संयुक्त प्रयासों से कुछ ही समय में बच्चे को सकुशल ढूंढ निकाला गया।
पुलिस टीम द्वारा सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए बच्चे को उसकी माता नीमा देवी और अन्य परिजनों के सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर नीमा देवी और उनके परिवार ने नैनीताल पुलिस, मेला कंट्रोल रूम और ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया।
इसी क्रम में आज पुलिस मेला कंट्रोल रूम द्वारा निम्नलिखित गुम व्यक्तियों व सामग्रियों को उनके परिजनों व स्वामियों के सुपुर्द किया गया:
मोबाइल: 02
एटीएम: 01
नकद: 500 रुपये
व्यक्ति: 20
पुलिस टीम में शामिल रहे:
एसआई मदन मोहन जोशी (मेला कंट्रोल रूम)
महिला कांस्टेबल नीतू चंदोला (खोया-पाया सेल)
कांस्टेबल दीपक उप्रेती, मेला ड्यूटी (पीआरओ कार्यालय)
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसे मेलों और भीड़भाड़ वाले आयोजनों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या मेला कंट्रोल रूम से संपर्क करें।







