दीपावली पर नैनीताल पुलिस अलर्ट, बाजारों और परिवहन केंद्रों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग और गश्त जारी; रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर BDS टीमों ने की जांच

नैनीताल। दीपावली पर्व के मद्देनज़र जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड पर है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग और नियमित गश्त की जा रही है।
पुलिस टीमें मुख्य बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और मुख्य मार्गों पर पैदल गश्त कर रही हैं। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर बम निरोधक दस्ते (BDS) की टीमें विशेष जांच कर रही हैं, ताकि किसी संभावित सुरक्षा खतरे को समय रहते रोका जा सके।
देर रात अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है। एसएसपी ने थाना और चौकी प्रभारियों को सतर्कता बरतने, नियमित गश्त सुनिश्चित करने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।







