दिव्या पब्लिक स्कूल में कचरा प्रबंधन एवं 3R कार्यशाला, विद्यार्थियों को दिया स्वच्छता का संदेश

हल्द्वानी, 29 सितंबर 2026। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के तहत मंगलवार को हल्द्वानी स्थित दिव्या पब्लिक स्कूल में कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन एवं Reduce–Reuse–Recycle (3R) विषय पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यक्रम नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम परितोष वर्मा के दिशा-निर्देशन में आयोजित हुआ। कार्यशाला में विद्यार्थियों को कचरे को स्रोत पर ही अलग करने, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन की जानकारी दी गई।

प्लास्टिक का उपयोग कम करने पर जोर

विद्यार्थियों को एकल-उपयोग प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में बताया गया। उन्हें बाजार जाते समय कपड़े या जूट के थैले का प्रयोग करने तथा अनावश्यक प्लास्टिक वस्तुओं के उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही प्लास्टिक कचरे को खुले में फेंकने या जलाने के बजाय निर्धारित कचरा संग्रहण व्यवस्था को सौंपने की जानकारी दी गई।

3R को आसान उदाहरणों से समझाया

कार्यशाला में विद्यार्थियों को Reduce यानी खपत कम करना, Reuse यानी वस्तुओं का पुनः उपयोग करना और Recycle यानी पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को अलग रखना समझाया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि दैनिक जीवन में 3R को अपनाकर कचरे की मात्रा को काफी कम किया जा सकता है।

विद्यार्थियों को बनाया स्वच्छता का संदेशवाहक

नगर निगम की टीम ने विद्यार्थियों को अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में इस बात पर जोर दिया गया कि विद्यालयों से शुरू होने वाला व्यवहार परिवर्तन घर और समाज तक सकारात्मक प्रभाव पहुंचा सकता है।

कार्यक्रम में वार्ड संख्या 57 की पार्षद रुक्मणी बिष्ट, बैंणी सेना परियोजना प्रबंधक नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम मनोज नेगी तथा एसबीएम टीम के मनीष पांडे सहित विद्यालय के प्रतिनिधि एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संदेश रहा—
“कचरा कम करें, प्लास्टिक घटाएं, 3R अपनाएं और स्वच्छ हल्द्वानी बनाएं।”


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page