दिन में पेंटर बनकर रेकी, रात को ताला तोड़कर चोरी: लालकुआं पुलिस ने खोला चोरी का राज, एक गिरफ्तार

लालकुआं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में लालकुआं पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हल्दूचौड़ क्षेत्र में बंद मकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को चोरी के माल सहित गिरफ्तार किया है।
मामला थाना लालकुआं क्षेत्र का है। वादिनी श्रीमती कलावती भट्ट, पत्नी स्वर्गीय जय किशन भट्ट, निवासी जागनाथ भवन, अंबिकापुरम, न्यू गोता रोड, हल्दूचौड़ ने तहरीर दी थी कि वह करीब दो माह पूर्व उपचार के लिए अपनी पुत्री के पास बेंगलुरु गई थीं। घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान 04 सितंबर 2026 को अज्ञात चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली।
तहरीर के आधार पर थाना लालकुआं में मु.अ.सं. 141/2026, धारा 305(A)/331(4) बीएनएस 2023 के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लालकुआं बृजभूषण राणा के पर्यवेक्षण में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर 19 सितंबर 2026 को पुलिस ने जयपुरबीसा, हल्दूचौड़ क्षेत्र से अभियुक्त यासीन पुत्र सफी अहमद, निवासी डोंगपुरी, सरदारनगर चौराहे के पास, थाना गदरपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 35 वर्ष को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस 2023 की बढ़ोतरी की गई है।
पूछताछ में अभियुक्त ने चोरी का तरीका भी कबूल किया। उसने बताया कि वह अपने साथी आबिद उर्फ लालू पुत्र मौ. हुसैन, निवासी डोंगपुरी, थाना गदरपुर के साथ दिन के समय पेंट का काम तलाशने के बहाने घूमकर बंद मकानों की रेकी करता था। रात में करीब 12 से 1 बजे के बीच जब लोग सो जाते थे, तब सरिया आदि से ताला तोड़कर चोरी को अंजाम देते थे।
फरार साथी आबिद उर्फ लालू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। पुलिस के अनुसार फरार अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ थाना हल्द्वानी और थाना लालकुआं में चोरी व नकबजनी के कुल 7 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
बरामदगी:
पीली धातु की फूलदार अंगूठी, 01
चांदी का मंगलसूत्र, 01
चांदी की पायल, 01 जोड़ी
चांदी के बिछुए, 02 जोड़ी
सोने के लॉकेट की बिक्री से प्राप्त नकदी, 25,000 रुपये
गिरफ्तारी टीम में शामिल रहे:
अर्जुन गिरी, चौकी प्रभारी हल्दूचौड़, कोतवाली लालकुआं
कांस्टेबल गुरमेज सिंह, चौकी हल्दूचौड़
कांस्टेबल गणेश गिरी, चौकी हल्दूचौड़







