दावे-आपत्तियों के अंतिम निस्तारण से पहले सुपर चेकिंग, आयुक्त दीपक रावत ने की ऑनलाइन जांच
3 अक्टूबर को होगा निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन

हल्द्वानी, 26 सितंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचन नामावलियों का 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) किया जा रहा है। इसी क्रम में दावे एवं आपत्तियों के अंतिम निस्तारण से पूर्व प्राप्त आवेदनों की सुपर चेकिंग की जा रही है।
आयुक्त कुमाऊं मंडल एवं निर्वाचक नामावली प्रेक्षक दीपक रावत ने सुपर चेकिंग के अंतर्गत ऑनलाइन प्रारूप-6, प्रारूप-7 एवं प्रारूप-8 में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की ऑनलाइन जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि SIR के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए उनका समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद पात्र नागरिक नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने, मतदाता सूची से नाम हटाने अथवा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन एवं विवरण में परिवर्तन के लिए निर्धारित ऑनलाइन प्रारूप में आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन आवेदन की सुविधा से नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी तथा समय की भी बचत होगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के संबंध में आम नागरिकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखना निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने आवेदन प्रस्तुत करें तथा संबंधित अधिकारी प्रत्येक आवेदन की जांच में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता सुनिश्चित करें।







