थाने में उत्पात और डॉक्टर से अभद्रता: नशे में धुत बिरजू मयाल पर मुकदमा, भेजा न्यायालय

रामनगर, 19 सितंबर। कोतवाली रामनगर पुलिस ने थाने में हंगामा कर सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिरजू मयाल पुत्र उमेद मयाल, निवासी कोटाबाग, जनपद नैनीताल, उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 19.09.2026 को बिरजू मयाल स्वयं कोतवाली रामनगर आया और थाना कार्यालय में हंगामा करते हुए रजिस्टरों को इधर उधर करने लगा। पुलिस कर्मियों द्वारा उसे काफी समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं माना। वह शराब के नशे में प्रतीत हो रहा था। स्थिति को देखते हुए पुलिस कर्मियों ने उसे चिकित्सीय परीक्षण हेतु राजकीय चिकित्सालय भेजा।
चिकित्सीय परीक्षण के दौरान भी आरोपी ने चिकित्सक के साथ अभद्रता एवं हंगामा किया। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे पुनः कोतवाली रामनगर लाया गया, जहां उसने फिर से उत्पात करते हुए पुलिस कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया।
इस संबंध में कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 292/2026, धारा 121, 221, 352, 351(2), 132 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस ने आरोपी बिरजू मयाल को गिरफ्तार कर नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
नैनीताल पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी है।







