जसपुर-टनकपुर के बीच चलेंगी उत्तराखंड परिवहन की बसें
जसपुर-फाटो रेंज में 10 और कॉर्बेट क्षेत्र के लिए 8 जिप्सियों के संचालन को मंजूरी सीएम घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को भी अनुमति देने पर सहमति

हल्द्वानी, 1 अक्टूबर 2026।
कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में संभागीय परिवहन प्राधिकरण, हल्द्वानी संभाग की बैठक हुई। बैठक में मंडल की परिवहन व्यवस्था को सुगम बनाने, नए मार्गों पर परिवहन सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन क्षेत्रों में वाहनों के संचालन से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए।
बैठक में प्राधिकरण ने जसपुर-टनकपुर के मध्य उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन की अनुमति सर्वसम्मति से प्रदान की। इसके अलावा जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों के संचालन तथा वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियों के संचालन को भी अनुमति दी गई।
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को जिप्सी संचालन की अनुमति जारी किए जाने पर भी बैठक में सहमति बनी।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परमिट प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाया जाए तथा परमिट से संबंधित प्रस्तावों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परिवहन सुविधाओं का विस्तार आमजन की जरूरतों और पर्यटन गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए।
कॉर्बेट एवं अन्य पर्यटन क्षेत्रों में जिप्सियों के संचालन को लेकर मंडलायुक्त ने वन विभाग से वर्तमान में संचालित जिप्सियों और पर्यटकों की संख्या के आधार पर आवश्यक जिप्सियों की मांग का विस्तृत विवरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के समुचित परीक्षण के बाद ही आगामी बैठक में जिप्सियों के संचालन से संबंधित आगे के निर्णय लिए जाएं।
बैठक में विभिन्न नए मार्गों पर बस एवं टैक्सी परमिट की मांग पर भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मार्गों पर बस संचालन की आवश्यकता है, उनका गहन परीक्षण कर मांग के अनुरूप परिवहन परमिट जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।
प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित मार्ग से अलग अथवा निर्धारित रूट के विपरीत वाहनों का संचालन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्राधिकरण सदस्य सुनील शर्मा, ललित सिंह, आरटीओ गुरदेव सिंह, एआरटीओ संदीप शर्मा, विपिन कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।







