जलजनित रोग प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग का अभियान जारी

14416 हेल्पलाइन से विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे लिया जा सकता है स्वास्थ्य परामर्श

नैनीताल, 18 सितंबर 2026। जलजनित रोगों से प्रभावित ज्योलिकोट एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर स्वास्थ्य टीमें प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में घर-घर स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण और लोगों को रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही हैं।

14416 पर विशेषज्ञ चिकित्सक से सीधे लें परामर्श

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि 14416 हेल्पलाइन के माध्यम से लोग विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं काउंसलिंग प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर उन्हें नजरअंदाज न करें और समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह लें। आवश्यकता होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं उपचार कराया जाए।

सचल स्वास्थ्य वाहन से सूफी और गैठिया में जांच

शुक्रवार को सचल स्वास्थ्य वाहन के माध्यम से सूफी एवं गैठिया क्षेत्रों में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यकतानुसार दवाइयां वितरित की गईं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत मार्तोलिया ने दोनों क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद किया तथा जलजनित रोगों से बचाव, स्वच्छ पेयजल और व्यक्तिगत स्वच्छता के संबंध में स्वास्थ्य शिक्षा दी।

स्वास्थ्य टीमों ने भल्यूटी, गांजा, सरियाताल एवं ज्योलिकोट क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग की। इस दौरान बीमारी के लक्षणों, बचाव के उपायों और समय पर उपचार लेने की जानकारी दी गई।

वहीं रॉयल होटल, सुखताल, पिटारिया, स्टाफ हाउस, 7 नंबर एवं अयारपाटा क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमों ने 235 लोगों की स्क्रीनिंग की तथा 150 HAV रैपिड टेस्ट किए।

स्वास्थ्य शिविरों एवं सचल स्वास्थ्य वाहन के माध्यम से कुल 197 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान 30 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए तथा एक व्यक्ति को टेलीमेडिसिन के माध्यम से काउंसलिंग प्रदान की गई।

पीएचसी ज्योलिकोट में 61 लोगों की जांच, 5 मरीज भर्ती

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 61 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें से आवश्यकता के अनुसार 5 मरीजों को भर्ती किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी एवं स्क्रीनिंग कर रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जलजनित बीमारी के लक्षणों को गंभीरता से लें, स्वच्छ पेयजल का प्रयोग करें और आवश्यकता पड़ने पर 14416 हेल्पलाइन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श प्राप्त करें।

 


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page