जनसुनवाई में भूमि विवाद से लेकर बिजली बिल तक मामलों का समाधान, आयुक्त दीपक रावत ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

हल्द्वानी, 26 सितंबर 2026 (सू.वि.)। आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कैम्प कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, मृत्यु प्रमाण पत्र में सुधार, प्रबंधन समिति के गठन, भरण-पोषण, विद्युत बिल सहित विभिन्न मामलों की सुनवाई की। आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

8.86 लाख रुपये की बकाया राशि दिलाने का अनुरोध

हल्द्वानी निवासी दीपक मेहरा ने शिकायत की कि उनकी दुकान से एक ठेकेदार ने करीब 25 लाख रुपये की सामग्री उधार ली थी। इसमें से 16.14 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि 8.86 लाख रुपये की शेष राशि कई बार सूचना देने के बावजूद वापस नहीं की गई।

मामले का संज्ञान लेते हुए आयुक्त ने कहा कि लेन-देन से संबंधित अभिलेख सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

तीन बीघा पैतृक भूमि पर कब्जे का मामला

रेशमबाग निवासी रेखा ने बताया कि उनके पति के नाम करीब तीन बीघा पैतृक भूमि थी, जो उनकी मृत्यु के बाद उनके नाम दर्ज हो गई है। आरोप है कि भूमि पर कब्जा लेने के दौरान उनके चाचा-चाची द्वारा उन्हें कब्जा नहीं दिया जा रहा है।

आयुक्त ने भूमि संबंधी अभिलेखों की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों पक्षों को आगामी जनसुनवाई में उपस्थित होने के निर्देश देते हुए कहा कि अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पंचशील कॉलोनी की सड़क की मरम्मत के निर्देश

पंचशील कॉलोनी की महिलाओं ने कॉलोनी की क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि बिल्डर से प्लॉट खरीदने के बाद कई वर्ष बीत गए, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं होने से मार्ग में गड्ढे और जलभराव की समस्या बनी हुई है।

समीक्षा में सामने आया कि मार्ग नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के क्षेत्राधिकार में नहीं आता है। इस पर आयुक्त ने जिलाधिकारी को जिला खनन न्यास निधि से सड़क के निर्माण/मरम्मत की कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।

मुक्तेश्वर में जाम से निजात के लिए शटल सेवा का प्रस्ताव

मुक्तेश्वर टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने भटेलिया से मुक्तेश्वर के बीच शटल सेवा शुरू करने का अनुरोध किया। यूनियन का कहना था कि शटल सेवा शुरू होने से मुक्तेश्वर में यातायात दबाव और जाम की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।

आयुक्त ने कहा कि शटल सेवा शुरू करने से पहले भटेलिया में स्टैंड के लिए भूमि, यात्रियों के लिए शौचालय सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सेवा में लगाए जाने वाले वाहनों की आरटीओ से फिटनेस जांच कराई जाए और वाहनों की स्थिति निर्धारित मानकों के अनुरूप हो। इस संबंध में आरटीओ एवं संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

बकाया विद्युत बिल किस्तों में जमा करने की मांग

शीशमहल निवासी सैफी पत्नी इसरार सैफी ने पुराने विद्युत बिल की बकाया राशि को किस्तों में जमा करने का अनुरोध किया। आयुक्त ने यूपीसीएल के संबंधित अधिकारियों को उपभोक्ता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार मासिक किस्तों में बकाया राशि जमा करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही उपभोक्ता को निर्धारित किस्त का प्रत्येक माह समय से भुगतान करने के लिए कहा गया।

आधार कार्ड से संबंधित शिकायतों का समाधान

जनसुनवाई में खीमा देवी ने आधार कार्ड बनाए जाने में आ रही समस्या की शिकायत की। संबंधित स्तर पर कार्रवाई करते हुए आधार कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई।

वहीं चेतन जोशी ने एक ही आधार संख्या दो व्यक्तियों के पास होने संबंधी शिकायत रखी। मामले में आवश्यक जांच एवं कार्रवाई करते हुए समस्या के समाधान की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई।

दोनों मामलों में कार्रवाई होने पर शिकायतकर्ताओं ने आयुक्त एवं संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

अन्य मामलों पर भी हुई सुनवाई

जनसुनवाई में अर्जुनपुर निवासी रोहित ने मृत्यु प्रमाण पत्र में सुधार, रेखा आर्या ने पति द्वारा मानसिक उत्पीड़न, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी, किच्छा निवासी रंजीत कौर ने उनकी अनुमति के बिना प्लॉट बेचे जाने, जगदीश गुप्ता ने एचएन इंटर कॉलेज में प्रबंधन समिति का गठन न होने तथा बागेश्वर निवासी शांति ने बहू से भरण-पोषण की धनराशि दिलाए जाने का अनुरोध किया।

आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page