जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत ने सुनीं समस्याएं, कई मामलों का मौके पर समाधान

हल्द्वानी, 18 सितंबर 2026 (सू.वि.)। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शुक्रवार को कैम्प कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, स्कूल में प्रवेश, फीस माफी, भरण-पोषण, आर्थिक सहायता सहित विभिन्न मामलों की सुनवाई की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश देते हुए कई शिकायतों का मौके पर समाधान कराया।
प्लॉट के दाखिल-खारिज की आपत्ति का समाधान, क्रेता को वापस मिले पांच लाख रुपये
बनभूलपुरा निवासी अदनान अंसारी ने बताया कि उन्होंने नवाड़ खेड़ा, गौलापार में सलीम सैफी से प्लॉट खरीदा था। इसके लिए पांच लाख रुपये का भुगतान कर रजिस्ट्री भी करा ली गई थी, लेकिन आपत्तियों के चलते दाखिल-खारिज नहीं हो पा रहा था। पूर्व जनसुनवाई में मामला सामने आने के बाद आयुक्त ने दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता कराया। इसके तहत 4.50 लाख रुपये पूर्व में तथा शेष 50 हजार रुपये शुक्रवार को वापस कराए गए। धनराशि मिलने पर अदनान अंसारी ने आयुक्त का आभार जताया।
लिव-इन पार्टनर को तीन माह में सात लाख रुपये लौटाने के निर्देश
एक युवती ने शिकायत की कि वह करीब तीन माह से युवक के साथ लिव-इन पार्टनर के रूप में रह रही थी। युवती के अनुसार युवक ने उससे करीब सात लाख रुपये मूल्य का सोना एवं नकदी ली थी, जिसे वापस नहीं किया गया। युवती द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों को युवक ने भी सही बताया। मामले में आपसी समझौते के आधार पर आयुक्त ने युवक को तीन माह के भीतर सात लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। निर्धारित अवधि में धनराशि वापस नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सफाई कर्मियों की अनुपस्थिति पर सख्ती, वार्डों में बायोमेट्रिक व्यवस्था के निर्देश
वार्ड में सफाई कर्मचारियों के नियमित रूप से सफाई कार्य नहीं करने और अनुपस्थित रहने की शिकायत पर आयुक्त ने नगर आयुक्त को सभी वार्डों में बायोमेट्रिक मशीन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सुपरवाइजरों को नियमित वार्ड निरीक्षण करने तथा अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों और लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
तुमड़िया डैम क्षेत्र में सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश
पूर्व प्रधान दुर्गापुर गुरमुख सिंह ने शिकायत की कि तुमड़िया डैम के निकट ग्राम समाज, बंजर एवं सिंचाई विभाग की भूमि पर कब्जा कर अवैध खरीद-फरोख्त की जा रही है। मामले का संज्ञान लेते हुए आयुक्त ने तहसीलदार काशीपुर, नायब तहसीलदार एवं संबंधित चकबंदी अधिकारी को क्षेत्र का शीघ्र निरीक्षण कर सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने और संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
आयुक्त ने सीओ चकबंदी एवं तहसीलदार काशीपुर को पांच दिन के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही दस्तावेजों की जांच तथा उनमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
गुरु तेग बहादुर खालसा स्कूल में प्रवेश प्रक्रिया की जांच के निर्देश
अनीता बिष्ट ने अपने पुत्र के कक्षा 9 में गुरु तेग बहादुर खालसा स्कूल में प्रवेश से संबंधित शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि छात्र ने प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की, लेकिन उसे प्रवेश नहीं दिया गया। मामले में दोनों पक्षों को सुनने के बाद आयुक्त ने विद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया की जांच सीडीओ नैनीताल के माध्यम से कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता, आवेदकों से संपर्क तथा दाखिले से जुड़े निर्णयों की जांच कर 15 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
अन्य शिकायतों पर भी सुनवाई
जनसुनवाई में गौजाजाली निवासी नाहिदा ने स्कूल फीस माफ करने, शांति भट्ट ने बहू से भरण-पोषण दिलाने, किरन जोशी ने आर्थिक सहायता, हिमानी त्रिपाठी ने पड़ोसियों का अवैध अतिक्रमण हटाने, बागजाला निवासी फरहीन ने पारिवारिक खर्च उपलब्ध कराने तथा राहुल लोहनी ने भूमि से कब्जा हटवाने की मांग रखी। आयुक्त ने संबंधित मामलों में अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर समाधान कराया।








