जज फार्म में दूषित पानी की शिकायत पर सांसद अजय भट्ट ने डीएम को लिखा पत्र

वार्ड-52 में नलों से आ रहा गंदा और झागयुक्त पानी, समस्या दूर होने तक टैंकरों से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग

हल्द्वानी। शहर के वार्ड-52 स्थित जज फार्म क्षेत्र में घरों में नलों के माध्यम से दूषित एवं झागयुक्त पानी पहुंचने की शिकायत को लेकर नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने गंभीर संज्ञान लिया है। सांसद ने जिलाधिकारी नैनीताल को पत्र भेजकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया है।

सांसद अजय भट्ट ने अपने पत्र में कहा कि 4 अक्टूबर को प्रकाशित समाचार पत्रों के माध्यम से उन्हें जज फार्म क्षेत्र में घरों तक पहुंच रहे गंदे एवं झागयुक्त पानी की जानकारी मिली। स्थानीय लोगों के अनुसार कई घरों में पहुंच रहा पानी पीने योग्य नहीं है और उसमें गंदगी तथा झाग की शिकायत सामने आई है।

पत्र में क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं का भी उल्लेख किया गया है। बताया गया है कि क्षेत्र में गौला नदी तथा ट्यूबवेल दोनों की पाइपलाइनें मौजूद होने के बावजूद दूषित पानी की समस्या बनी हुई है। वहीं, शीशमहल फिल्टर प्लांट में सिल्ट जमा होने के कारण भी पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की बात सामने आई है।

जलजनित बीमारी की आशंका पर जताई चिंता

सांसद ने पत्र में ज्योलिकोट क्षेत्र में दूषित पानी के कारण लोगों के बीमार होने की पूर्व घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दूषित पेयजल से जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में पानी की गुणवत्ता को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही गंभीर समस्या का कारण बन सकती है।

पाइपलाइन और पानी के स्रोत की जांच की मांग

अजय भट्ट ने जिलाधिकारी से जल संस्थान एवं संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र की पाइपलाइनों की तत्काल जांच कराने, पानी के स्रोतों की स्थिति का परीक्षण करने तथा पेयजल के नमूनों की गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश देने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या है तो उसे तत्काल दूर किया जाए। साथ ही, जब तक क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक प्रभावित परिवारों को टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

मानस दर्पण की अपील: क्षेत्र में यदि पेयजल की गुणवत्ता को लेकर शिकायत है तो लोग दूषित पानी का सेवन करने से बचें और संबंधित विभाग को तत्काल सूचना दें।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page