छात्रसंघ चुनाव से पहले नैनीताल में सुरक्षा चाक-चौबंद: चप्पे-चप्पे पर पुलिस, राजपत्रित अधिकारी खुद सड़कों पर उतरे

नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कड़े निर्देशों के क्रम में जनपद में छात्रसंघ चुनाव को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कॉलेज परिसरों और पूरे शहर में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

चुनाव में किसी भी प्रकार का हुड़दंग न हो, इसके लिए सभी राजपत्रित अधिकारी खुद सड़कों पर मोर्चा संभाले हुए हैं। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी श्री मनोज कत्याल सहित सभी थाना व चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग कर रहे हैं।

लिंगदोह नियमों के अंतर्गत पुलिस टीमों ने कार्यवाही करते हुए कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों से सभी प्रकार के अवैध पोस्टर, बैनर और चुनाव सामग्री को हटवा दिया है। कल चुनाव के दृष्टिगत कॉलेज परिसर के आसपास अनावश्यक भीड़भाड़ रोकने के लिए लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सड़कों के किनारे खड़े वाहनों को हटवाया जा रहा है तथा सुरक्षा के मद्देनजर कॉलेज के पास की दुकानों को बंद रखने की अपील की गई है। आसपास के होटल, ढाबों व ठेलों की भी लगातार सघन चेकिंग की जा रही है।

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान किसी भी असामाजिक या अराजक तत्व ने शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया तो बिना किसी ढिलाई के जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page