गौलापार स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की सुरक्षा कार्यों का सांसद अजय भट्ट ने किया निरीक्षण

36.82 करोड़ के पूर्ण सुरक्षात्मक कार्यों पर जताया संतोष, 14.55 करोड़ की प्रस्तावित बाढ़ सुरक्षा योजना की भी ली जानकारी

हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने सोमवार को गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (स्टेडियम) का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ एवं सुरक्षा कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम को सुरक्षित रखने के लिए किए गए सुरक्षात्मक कार्यों और प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली।

सांसद भट्ट ने बताया कि एसडीएमएफ के अंतर्गत स्टेडियम की सुरक्षा के लिए 36.82 करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षात्मक कार्य कराए गए हैं। इसके अलावा 14.55 करोड़ रुपये की प्रस्तावित बाढ़ सुरक्षा योजना पर भी कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने निर्धारित समय से पहले स्टेडियम की सुरक्षा से जुड़े कार्य पूर्ण किए जाने पर संबंधित विभाग की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने प्रस्तावित 14.55 करोड़ रुपये की योजना के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए वन विभाग से आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, तराई पूर्वी वन प्रभाग एवं हल्द्वानी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी, खेल विभाग की उपसचिव राशिका सिद्धिकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सर्किट हाउस में हुई समीक्षा बैठक

निरीक्षण के बाद काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता इंजीनियर संजय शुक्ल सहित अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपदा से हुई क्षति और विभिन्न क्षेत्रों में पुनर्निर्माण के लिए प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

सांसद ने नैनी झील की सुरक्षा, भीमताल डैम के पुनर्निर्माण तथा ऊधमसिंह नगर जिले में बाजपुर से गुमसानी तक लेवड़ा नदी से होने वाली बाढ़ से सुरक्षा के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली।

अधिकारियों ने बताया कि नैनी झील की सुरक्षा के लिए 38 करोड़ रुपये तथा बाजपुर क्षेत्र में लेवड़ा नदी की बाढ़ से सुरक्षा के लिए 18.84 करोड़ रुपये की योजना तैयार कर शासन को प्रेषित की गई है। वहीं, भीमताल डैम के पुनर्निर्माण के लिए केंद्र की विशेषज्ञ टीम से परीक्षण कराया जाना प्रस्तावित है।

कृष्णापुरी में भूस्खलन की भी ली जानकारी

बैठक के दौरान सांसद भट्ट ने बालियानाले से संबंधित कार्यों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में कृष्णापुरी के आसपास हो रहे भूस्खलन की स्थिति की भी जानकारी ली।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यूएलएमएमसी की टीम द्वारा संबंधित भू-भाग का स्थलीय निरीक्षण किया जा चुका है। निरीक्षण के आधार पर तैयार रिपोर्ट सचिव आपदा को उपलब्ध कराई जाएगी।

सांसद भट्ट ने अधिकारियों को आपदा सुरक्षा से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और दीर्घकालिक सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page