गौलापार की छह दुग्ध समितियों में 2.50 करोड़ की दुग्ध खरीद, उत्पादकों को 22 लाख रुपये बोनस

दुग्ध उत्पादकों को वितरित किए बोनस के चेक, उत्पादन बढ़ाने और समितियों को मजबूत बनाने का आह्वान

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से गौलापार क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को दुग्ध खरीद के एवज में करीब 2.50 करोड़ रुपये की धनराशि के साथ 22 लाख रुपये बोनस के चेक वितरित किए गए। इस दौरान दुग्ध उत्पादकों को दुग्ध संघ की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध उत्पादक संघ की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत, लगन और निरंतर सहयोग से ही दुग्ध व्यवसाय को मजबूती मिलती है। उन्होंने उत्पादकों से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा दुग्ध समितियों के माध्यम से नियमित रूप से दूध उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए संघ स्तर पर लगातार विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित लाभ मिल सके। बोनस वितरण का उद्देश्य उत्पादकों के परिश्रम को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है।

मुकेश बोरा ने दुग्ध समितियों को अधिक सक्रिय, मजबूत और सशक्त बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुग्ध क्षेत्र से जुड़े प्रत्येक उत्पादक का हित संघ की प्राथमिकता है। उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और दुग्ध व्यवसाय को नई मजबूती देने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

कार्यक्रम का संचालन मार्ग प्रभारी पूरन चंद्र मिश्रा ने किया। इस अवसर पर सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, जगदीश चंद्र, मोहन चंद्र जोशी, दीपा देवी, नरेंद्र मेहरा, सुमित जोशी और नेहा डालाकोटी सहित दुग्ध समितियों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page