गांधी-शास्त्री जयंती पर GEHU हल्द्वानी में गूंजा स्वच्छता और सेवा का संदेश

जग्गी बांगर में NSS स्वयंसेवकों और NCC कैडेट्स ने चलाया विशेष स्वच्छता अभियान

हल्द्वानी, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर Graphic Era Hill University के हल्द्वानी परिसर में श्रद्धा, सेवा और स्वच्छता का संदेश दिया गया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महापुरुषों के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया। इसके बाद विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामाजिक सरोकारों से जुड़ते हुए जग्गी बांगर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर निदेशक डॉ. एम. सी. लोहनी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और संकाय सदस्यों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गांधी जी के अहिंसा एवं स्वच्छता के विचार और शास्त्री जी की सादगी तथा ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि केवल उनके विचारों को याद करने से नहीं, बल्कि उन्हें अपने आचरण और कर्मों में उतारने से होगी। स्वच्छ एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए आगे आना चाहिए।

जग्गी बांगर में चला स्वच्छता अभियान

जयंती समारोह के बाद विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के स्वयंसेवकों और NCC कैडेट्स ने संयुक्त रूप से जग्गी बांगर क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। छात्र-छात्राओं ने श्रमदान करते हुए सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की तथा जगह-जगह पड़े प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को एकत्र कर उसका निस्तारण किया।

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने स्थानीय लोगों को स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने तथा दैनिक जीवन में स्वच्छता को आदत बनाने की अपील की।

गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं रहा, बल्कि ‘स्वच्छता और सेवा’ को व्यवहार में उतारने की पहल भी बना।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page