गांधी जयंती पर हल्दूचौड़ में चला स्वच्छता अभियान, 300 किलो कूड़ा एकत्रित
सांसद अजय भट्ट ने जिला पंचायत के अभियान की सराहना की, पर्यावरण मित्रों को शाल ओढ़ाकर किया सम्मानित

हल्दूचौड़ गांधी जयंती के अवसर पर बुधवार को जिला पंचायत नैनीताल की ओर से हल्दूचौड़ क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दीपा दर्मवाल और अपर मुख्य अधिकारी अनिल जोशी के निर्देश पर आयोजित अभियान में जनप्रतिनिधियों, जिला पंचायत कर्मियों और पर्यावरण मित्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
स्वच्छता अभियान में नैनीताल सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दीपा चंदोला और कमलेश चंदोला समेत जिला पंचायत के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सहभागिता की। अभियान के दौरान क्षेत्र में साफ-सफाई करते हुए करीब 300 किलोग्राम कूड़ा एकत्रित कर उठाया गया।
इस मौके पर सांसद अजय भट्ट ने जिला पंचायत नैनीताल की ओर से चलाए गए स्वच्छता अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और कूड़े का उचित निस्तारण करने की अपील की।
पर्यावरण मित्रों का किया सम्मान
स्वच्छता अभियान के दौरान सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जिला पंचायत के पर्यावरण मित्रों को सांसद अजय भट्ट ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने पर्यावरण मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाने में सफाई कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
अभियान में दीपक उपाध्याय, चंद्रपाल सिंह बिष्ट, राजस्व निरीक्षक, लक्ष्मण सिंह, नितिन बिष्ट (कर संग्रहकर्ता) समेत जिला पंचायत के पर्यावरण मित्रों ने भाग लिया।
जिला पंचायत की ओर से गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा बनाए रखने का संदेश देना रहा। अभियान के दौरान मौजूद लोगों ने भी स्वच्छता को नियमित रूप से अपनाने का संकल्प लिया।







