गंगोलीहाट में आंगन में खेल रहे 10 वर्षीय मासूम को उठा ले गया गुलदार, झाड़ियों में मिला शव

 

पिथौरागढ़/गंगोलीहाट। पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट क्षेत्र में गुलदार के हमले की दर्दनाक घटना सामने आई है। शनिवार शाम घर के आंगन के पास खेल रहे 10 वर्षीय मासूम को गुलदार उठाकर ले गया। काफी तलाश के बाद बच्चे का शव घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में बरामद हुआ।

जानकारी के अनुसार घटना गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर भंडारीगांव और खेतीगांव के बीच हुई। बताया गया है कि शनिवार शाम करीब पांच बजे बच्चा घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान गुलदार ने अचानक हमला कर उसे उठा लिया। बच्चे के गायब होने की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

तलाशी के दौरान बच्चे का शव घर से लगभग 200 मीटर दूर झाड़ियों में मिला। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को गंगोलीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जानी थी।

पहले भी गुलदार की सक्रियता की शिकायत

ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में काफी समय से गुलदार की आवाजाही बनी हुई थी। रिपोर्टों में ग्राम प्रधान द्वारा 25 सितंबर को जिलाधिकारी को पत्र देकर गुलदार की सक्रियता और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर कार्रवाई की मांग किए जाने की बात कही गई है। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने, क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता/मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page