कैंचीधाम क्षेत्र में पर्यटन विभाग की बड़ी कार्रवाई, मानकों के उल्लंघन पर 26 होम स्टे-होटल जांच के दायरे में 22 पंजीकृत इकाईयों पर
22 पंजीकृत इकाईयों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड, बिना पंजीकरण संचालित इकाईयों को बंद करने के निर्देश

नैनीताल, 07 अक्टूबर 2026। कैंचीधाम क्षेत्र में होटल और होम स्टे इकाईयों के संचालन में नियमों के पालन को लेकर जिला पर्यटन विभाग ने सघन निरीक्षण अभियान चलाया। आयुक्त कुमाऊं मंडल एवं जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में जिला पर्यटन विकास अधिकारी द्वारा क्षेत्र में संचालित होटल एवं होम स्टे इकाईयों का भौतिक सत्यापन किया गया।

निरीक्षण के दौरान कुल 26 होम स्टे एवं होटल इकाईयों की जांच की गई। विभाग के अनुसार कई इकाईयों में रेट लिस्ट निर्धारित तरीके से प्रदर्शित नहीं की गई थी। इसके अलावा कुछ संचालकों द्वारा पंजीकृत कमरों की संख्या से अधिक कमरों का संचालन किए जाने तथा पर्यटन नियमावली के निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई।
जांच के बाद 22 पंजीकृत इकाईयों पर प्रति इकाई 10,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि संबंधित इकाईयों में पंजीकृत कक्षों से अधिक कक्ष संचालित करने और नियमावली के प्रावधानों के उल्लंघन की स्थिति पाई गई।
बिना पंजीकरण संचालन पर कार्रवाई
निरीक्षण में बिना पंजीकरण संचालित पाई गई 02 इकाईयों के विरुद्ध अर्थदंड की कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए। वहीं, निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन नहीं पाए जाने पर 04 इकाई स्वामियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

इन इकाईयों पर लगाया गया अर्थदंड
विभाग के अनुसार 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाए जाने वाली इकाईयों में चिराग होम स्टे, त्रिशूल होम स्टे, कृष्णा होम स्टे, मंजू पांडे होम स्टे, रेखा बिष्ट होम स्टे, त्रिलोकी होम स्टे, माधवी होम स्टे, निर्मल रिसोर्ट एवं कॉटेज, मां भगवती होम स्टे, रोहित होम स्टे, दीप्ती होम स्टे, कुंदन नेगी होम स्टे, शरद तिवारी होम स्टे और हर्षित तिवारी होम स्टे शामिल हैं।
संचालन बंद करने के निर्देश
सघन निरीक्षण के दौरान उमेश दत्त तिवारी होम स्टे, होटल ट्रिनिटी, मारुति होम स्टे, बाबा बैंसन रिसोर्ट, होटल मोनाल, सिद्धि गेस्ट हाउस, होटल ग्रीन वैली और होटल मोहन रेजेंसी के संबंध में तत्काल संचालन बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
चार इकाईयों को कारण बताओ नोटिस
मानकों के अनुरूप संचालन नहीं पाए जाने पर हेमंत कुमार मेहता, कासा माउंटेन, गिरी राज किशोर गुप्ता और विवेक कुमार शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में होटल एवं होम स्टे इकाईयों का निरंतर भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान निर्धारित नियमों एवं मानकों का पालन नहीं पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
कैंचीधाम जैसे प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक क्षेत्र में बढ़ती पर्यटक गतिविधियों के बीच विभाग की इस कार्रवाई को होटल और होम स्टे संचालन में पंजीकरण, पारदर्शी दर निर्धारण तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







