कढ़ाई एवं वस्त्र अलंकरण प्रशिक्षण से महिलाओं को मिला स्वरोजगार का नया अवसर

नाबार्ड समर्थित आजीविका एवं उद्यम विकास कार्यक्रम का समापन

हल्द्वानी, 23 सितंबर 2026। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सहयोग से नैनीताल जनपद में संचालित कढ़ाई एवं वस्त्र अलंकरण आधारित आजीविका एवं उद्यम विकास कार्यक्रम का समापन समारोह मंगलवार को गोल्ज्यू बैंक्वेट हॉल, हल्द्वानी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का क्रियान्वयन महिला पिछड़ा वर्ग समिति, हल्द्वानी द्वारा किया गया।

समारोह में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक श्री मुकेश बेलवाल सहित जिला उद्योग केंद्र, नैनीताल जिला सहकारी बैंक, सहकारिता विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में करीब 50 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने हिस्सा लिया।

करीब 10 लाख रुपये की अनुदान सहायता

नाबार्ड द्वारा लगभग 10 लाख रुपये की अनुदान सहायता से संचालित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को कढ़ाई एवं वस्त्र अलंकरण के क्षेत्र में उन्नत कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ना है। कार्यक्रम के तहत करीब 90 स्वयं सहायता समूहों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया।

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को नई कढ़ाई तकनीकों के साथ-साथ उत्पाद विकास, गुणवत्ता सुधार, उद्यम प्रबंधन, विपणन, वित्तीय साक्षरता और बैंक ऋण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कौशल को आय के साधन में बदलने पर जोर

समापन अवसर पर प्रतिभागी महिलाओं ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव साझा किए। महिलाओं ने बताया कि प्रशिक्षण से उन्हें बाजार की मांग के अनुरूप बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार करने और नई तकनीकों को अपनाने की जानकारी मिली है। उन्होंने इस कौशल को आय सृजन तथा अपना उद्यम स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की।

नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक मुकेश बेलवाल ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रशिक्षण की वास्तविक सफलता तब होगी, जब अर्जित कौशल को नियमित आर्थिक गतिविधि में बदला जाए। उन्होंने महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सामूहिक रूप से कार्य करने तथा उत्पादों की गुणवत्ता, विविधता और बाजार की मांग पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

उन्होंने नाबार्ड की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं, बैंक ऋण से जुड़ाव, सूक्ष्म उद्यम स्थापना और विपणन के अवसरों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नाबार्ड का प्रयास प्रशिक्षण से आगे बढ़कर ग्रामीण महिलाओं को कौशल से उद्यम और उद्यम से स्थायी आय की दिशा में ले जाना है।

विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी

जिला उद्योग केंद्र, सहकारिता विभाग, नैनीताल जिला सहकारी बैंक और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने महिलाओं को उपलब्ध योजनाओं, वित्तीय सहायता तथा उद्यम स्थापना से संबंधित अवसरों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को अपने कौशल को व्यावसायिक गतिविधि में बदलने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी महिलाओं ने नाबार्ड एवं क्रियान्वयन संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों के अनुसार, यह पहल जनपद में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, उद्यमिता विकास और स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page