एमबीपीजी कॉलेज में दो गुटों में झड़प, पुलिस ने वीडियो फुटेज से चिन्हित कर दबोचे आरोपी

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में छात्रसंघ चुनाव के अंतिम दौर के दौरान दो गुटों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना में राधे गुप्ता नामक छात्र के चोटिल होने की सूचना है।
मामले का संज्ञान लेते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव की आड़ में मारपीट, दबंगई अथवा अराजकता करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी श्री विजय मेहता के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटिया पड़ाव द्वारा वीडियो फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों को चिन्हित किया गया।
चिन्हित युवकों के विरुद्ध धारा 172 BNSS के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 02 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य अराजक तत्वों की भी वीडियो फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
अनिकेत चरण, पुत्र डेविड चरण, निवासी राजपुरा।
दीपक बोरा, पुत्र हरक सिंह बोरा, निवासी तिकोनिया कैनाल रोड, थाना हल्द्वानी, जनपद नैनीताल।
प्रारंभिक जांच में दोनों युवक सचिव पद के प्रत्याशी भविष्य रावत के समर्थक बताए गए हैं। आरोप है कि दिन के समय इनके द्वारा दूसरे सचिव पद के प्रत्याशी सार्थक रस्तोगी के समर्थकों के साथ मारपीट की गई थी। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटिया पड़ाव, थाना हल्द्वानी
कांस्टेबल विजय भारद्वाज
कांस्टेबल मुकेश सिंह
कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह







