उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की बीएड प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, कुलपति ने किया औचक निरीक्षण

हल्द्वानी, 20 सितंबर 2026। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रवेश सत्र जुलाई-2026 के अंतर्गत बीएड (ओडीएल) एवं बीएड (स्पेशल) पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा रविवार को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
बीएड (ओडीएल) की परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 9 बजे से 11 बजे तथा बीएड (स्पेशल) की परीक्षा द्वितीय पाली में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय द्वारा एमआईईटी कुमाऊं, शिक्षा नगर लामाचौड़ हल्द्वानी, एसजीआरआर कॉलेज देहरादून तथा उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय मुख्यालय हल्द्वानी को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
विश्वविद्यालय के अनुसार बीएड (ओडीएल) के लिए 1,986 तथा बीएड (स्पेशल) के लिए 1,519 आवेदन प्राप्त हुए थे। विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा में भाग लिया।
एमआईईटी कुमाऊं, लामाचौड़ हल्द्वानी केंद्र पर 1,066 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 207 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय मुख्यालय हल्द्वानी में 402 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 64 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं एसजीआरआर कॉलेज देहरादून केंद्र पर भी अभ्यर्थियों ने निर्धारित समय के अनुसार परीक्षा दी।
इसके अतिरिक्त बीए (योग) एवं एमए (योग) की प्रवेश परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से सुबह 10 बजे से 11 बजे तक आयोजित हुई। इसमें कुल 154 अभ्यर्थियों में से 134 उपस्थित रहे और 20 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
कुलपति और परीक्षा नियंत्रक ने किया औचक निरीक्षण
परीक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति एवं परीक्षा नियंत्रक ने एमआईईटी कुमाऊं, शिक्षा नगर लामाचौड़ हल्द्वानी स्थित परीक्षा केंद्र का सुबह के सत्र में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा की व्यवस्थाओं एवं संचालन का निरीक्षण किया गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि सभी प्रवेश परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं।







