आस्था के महापर्व पर हाईटेक निगरानी: नंदा देवी महोत्सव में ड्रोन टीमें सक्रिय, श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील

नैनीताल। ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल नेतृत्व में पुलिस बल लगातार पूरी प्रतिबद्धता के साथ मेले की सुरक्षा व्यवस्था में जुटा हुआ है।
मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यातायात नियंत्रण, महिला सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी टीमें आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं।
सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए आधुनिक तकनीक का भी भरपूर उपयोग किया जा रहा है। मेले और आसपास के परिसर में ड्रोन टीमों को तैनात किया गया है, जो लगातार प्रभावी ढंग से निगरानी कर रही हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही है।
नैनीताल पुलिस क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे महोत्सव के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम को दें।







