आशीर्वाद के दीयों से जगमगाया चम्पावत, सेवा और जनकल्याण का लिया संकल्प

चम्पावत, 17 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को जनपद चम्पावत में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित किया गया। धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थानों और प्रशासनिक कार्यालयों में दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सामाजिक सहभागिता एवं जनकल्याण का संकल्प लिया गया।
अभियान के तहत गोल्ज्यू देवता मंदिर, गोरलचौड़ में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने सेवा को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, स्वच्छता बनाए रखने, जरूरतमंदों की सहायता करने, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने तथा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया।
इस दौरान शारदा घाट, मां पूर्णागिरि मंदिर, श्यामलाताल, टी-गार्डन, घटकू हिडिम्बा मंदिर, गोल्ज्यू मंदिर, डिप्टेश्वर मंदिर, मानेश्वर मंदिर, कोलीढेक झील, एबट माउंट, पंचेश्वर, देवीधुरा मंदिर एवं नागार्जुन पार्क सहित अन्य प्रमुख धार्मिक, पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ग्राम पंचायतों में भी स्थानीय लोगों की सहभागिता से सेवा संकल्प दिवस मनाया गया। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग, सेवा और जनकल्याण की भावना पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
18 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
उल्लेखनीय है कि 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के दौरान जनपदभर में सेवा, स्वच्छता, पोषण, जनसहभागिता, नवाचार एवं जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया प्रतिभाग
गोल्ज्यू देवता मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार, दर्जा प्राप्त मंत्री श्री श्याम नारायण पाण्डेय, दर्जा प्राप्त मंत्री श्री मुकेश महाराना, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोविन्द सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पाण्डेय, निदेशक केएमवीएन श्री रोहित बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय सिंह, एपीडी सुश्री विम्मी जोशी तथा जिला उद्यान अधिकारी श्री योगेश भट्ट सहित स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के माध्यम से “जनसहभागिता से जनसेवा” की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। आने वाले एक माह तक जनपद में विभिन्न विभागों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता से सेवा एवं जनकल्याण की गतिविधियां संचालित की जाएंगी।








