आरटीआई में बड़ा खुलासा: नैनीताल में 10,597 साइबर शिकायतें, केवल 261 में FIR

हल्द्वानी। सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी में नैनीताल जिले में साइबर अपराध से जुड़ी ऑनलाइन शिकायतों का बड़ा आंकड़ा सामने आया है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टविस्ट हेमंत सिंह गौनिया के 30 जुलाई 2026 के आवेदन पर कार्यालय अपर पुलिस अधीक्षक/लोक सूचना अधिकारी, हल्द्वानी, जनपद नैनीताल की ओर से यह सूचना उपलब्ध कराई गई है।

पुलिस विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए वर्षवार विवरण के अनुसार वर्ष 2019 से जुलाई 2026 तक साइबर पुलिस पोर्टल पर कुल 10,597 ऑनलाइन शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 261 मामलों में FIR दर्ज हुई।

वर्षवार आंकड़े इस प्रकार हैं:
वर्ष 2019 में 24 शिकायतें प्राप्त हुईं और 1 में FIR दर्ज हुई। वर्ष 2020 में 383 शिकायतों में 2 FIR हुईं। वर्ष 2021 में 484 शिकायतों में 23 FIR दर्ज हुईं। वर्ष 2022 में 1,238 शिकायतों में 16 FIR हुईं।

वर्ष 2023 में 1,642 शिकायतों में 31 FIR दर्ज हुईं। वर्ष 2024 में शिकायतों की संख्या बढ़कर 2,269 हुई और 50 में FIR हुई। वर्ष 2025 में 2,192 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 72 FIR दर्ज हुईं और 88 शिकायतें लंबित दर्शाई गई हैं। वर्ष 2026 में जुलाई माह तक ही 2,365 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 66 में FIR हुई जबकि 833 शिकायतें लंबित बताई गई हैं।

आरटीआई के जवाब में पुलिस विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि साइबर पुलिस पोर्टल से प्राप्त शिकायतों को अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित थानों को भेजा जाता है, जहां आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए सक्षम अधिकारी जिम्मेदार होते हैं। जवाब में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित जानकारी साइबर पुलिस पोर्टल की वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page