आम्रपाली विश्वविद्यालय में ‘अभिनंदन-2026’ की धूम, रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

हल्द्वानी, 30 सितंबर 2026। आम्रपाली विश्वविद्यालय में विभिन्न विभागों में प्रवेश लेने वाले नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए बुधवार को ‘अभिनंदन-2026’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शास्त्रीय नृत्य, कुमाऊंनी नृत्य, बॉलीवुड डांस और भांगड़ा सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के सीईओ डा. संजय ढींगरा, सचिव श्रीमती बिंदू चावला, संयुक्त सचिव श्री मयंक ढींगरा एवं कुलपति प्रो. (डा.) धर्मवीर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डा.) धर्मवीर सिंह ने नवागंतुक विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों का लक्ष्य केवल किताबी ज्ञान प्राप्त करना नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने प्राचीन भारत की गुरुकुल परंपरा का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार गुरुकुलों में विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास पर जोर दिया जाता था, उसी प्रकार वर्तमान समय में भी शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों से खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने का आह्वान किया। साथ ही गोष्ठियों, सम्मेलनों एवं कार्यशालाओं में भाग लेकर उद्योग जगत में हो रहे बदलावों की जानकारी हासिल करने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी और शिक्षकों एवं कर्मचारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
रैंप शो रहा विशेष आकर्षण
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए आयोजित रैंप शो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। प्रतिभागियों का चयन वेशभूषा, रैंप वॉक और प्रश्नोत्तर के आधार पर किया गया।
प्रतियोगिता में किरन सुनरी को मिस फ्रेशर और यश शाह को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। वहीं महिमा जोशी को मिस बेस्ट टैलेंट तथा तनिष्क कुंवर को मिस्टर बेस्ट टैलेंट का खिताब मिला। खुशी ने मिस बेस्ट पर्सनैलिटी और फहम ने मिस्टर बेस्ट पर्सनैलिटी का खिताब हासिल किया। पायल को मिस बेस्ट अटायर तथा अंशुल धरियाल को मिस्टर बेस्ट अटायर चुना गया।
विश्वविद्यालय के गायन एवं संगीत वादन से जुड़े विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। नवागंतुक विद्यार्थियों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया और ‘अभिनंदन-2026’ की सराहना की।
पूर्व छात्रों ने साझा की पुरानी यादें
कार्यक्रम में आम्रपाली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। पूर्व छात्रों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर अपने विश्वविद्यालय के पुराने दिनों की यादें साझा कीं और नवागंतुक विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम समन्वयक एवं परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डा.) एम.के. पाण्डेय ने अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रबंधन मंडल सहित सभी लोगों का विशेष धन्यवाद किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रो. (डा.) एस.के. सिंह ने ‘अभिनंदन-2026’ के समन्वयक प्रो. (डा.) एम.के. पाण्डेय, सह-समन्वयक डा. मनोज नेगी, सुमित जोशी एवं आयोजन समिति के अन्य सदस्यों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्र समन्वयकों एवं पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक होते हैं, जो उनके भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अध्यक्ष श्री चानन लाल ढींगरा, सीईओ डा. संजय ढींगरा, सचिव श्रीमती बिंदू चावला, संयुक्त सचिव श्री मयंक ढींगरा, कुलपति प्रो. (डा.) धर्मवीर सिंह, प्रतिकुलपति प्रो. (डा.) एस.के. सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डा.) मनोज कुमार पाण्डेय, कुलसचिव श्री राधाचरण बेहरा, सभी संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।







